India News (इंडिया न्यूज), UP Weather Update: उत्तर भारत में इन दिनों सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण बर्फीली हवाएं मैदानों तक पहुंच रही हैं, जिससे ठंड और भी ज्यादा तीव्र हो गई है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इस सर्दी से लोग ठिठुरने लगे हैं और शीतलहर के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ी
मौसम विभाग के अनुसार, बर्फबारी के बाद पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ गई है, जिससे दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आई है। मुजफ्फरनगर में 13.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द दिन रहा, जबकि बुलंदशहर में रात का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक कड़ाके की सर्दी बनी रह सकती है।
Railway: यात्रीगण कृपया ध्यान दें… आज आधी रात से लागू होगी नई समय सारिणी
फसलें भी है खतरे में
इस सर्दी के असर से न केवल आम जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि फसलें भी खतरे में हैं। प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्से में वर्षा और ओलावृष्टि के कारण तिलहन फसलों जैसे राई और सरसों को नुकसान हो सकता है। यदि यह मौसम तीन-चार दिन और बना रहा, तो आलू की फसल भी प्रभावित हो सकती है।
रबी सीजन के लिए महत्वपूर्ण
गेहूं और गन्ने के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है, क्योंकि यह रबी सीजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसलों की निरंतर निगरानी करें और मौसम के बदलाव को देखते हुए उचित कदम उठाएं। साथ ही, अगर मौसम साफ हो जाए, तो किसानों को पाले की आशंका से बचने के लिए हल्की सिंचाई करनी चाहिए।