India News (इंडिया न्यूज), Uttarakhand Weather Report: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। खासतौर पर चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में तेज गर्जन के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
चमोली में हिमस्खलन का खतरा
चमोली जिले में 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के भीतर हिमस्खलन की आशंका जताई गई है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीजीआरई) चंडीगढ़ ने इस संबंध में चेतावनी जारी की है। रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में भी हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है।
Today Horoscope: मेष से लेकर मीन तक कैसी रहेगी 12 राशियों के लिए 04 मार्च की ग्रह चाल, जानें आज का राशिफल!
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा न करने की अपील की है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
बदरीनाथ हाईवे खोलने में BRO के छूटे पसीने
लगातार बर्फबारी के कारण लामबगड़ से लेकर माणा गांव तक बदरीनाथ हाईवे अब भी बंद है। बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) की टीमें हाईवे से बर्फ हटाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। हनुमान चट्टी, रडांग बैंड और कंचनगंगा के पास 11 फीट तक मोटी बर्फ जमा हो गई है, जिसे हटाने में मशीनों का सहारा लिया जा रहा है।
बीआरओ के कमांडर कर्नल अंकुर महाजन के अनुसार, हाईवे को मंगलवार सुबह तक खोलने की कोशिश की जा रही है। लेकिन विषम परिस्थितियों के कारण कार्य में देरी हो रही है। बर्फ हटाने के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।
आने वाले दिनों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, पांच मार्च से राज्यभर में मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है।