India News (इंडिया न्यूज), Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में इन दिनों कड़ाके की ठंड का असर हर जगह महसूस किया जा रहा है। हालांकि, प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन के समय तेज धूप ठंड से कुछ राहत देती है, लेकिन सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के कारण सर्दी ज्यादा महसूस हो रही है। देहरादून में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा, यानी 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, रात का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी कम है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
पहाड़ी इलाकों में ठंड का कहर
मसूरी में शीतलहर के चलते ठंड ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। यहां का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा रहा है। सुबह-शाम की बर्फीली हवाओं ने सड़कों पर सन्नाटा फैला दिया है। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकल रहे हैं, वे जगह-जगह अलाव का सहारा ले रहे हैं। केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है, लेकिन ठंड की वजह से काम में कई चुनौतियां आ रही हैं। रात में यहां का तापमान माइनस 10 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ठंड इतनी है कि टंकियों में पानी भी जमने लगा है।
6 इंच तक जमी बर्फ
इसी तरह, हेमकुंड साहिब में भी ठंड का प्रकोप जारी है। यहां रात का तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। पिछले दिनों हुई बर्फबारी के कारण 6 इंच तक बर्फ जम चुकी है, लेकिन इसके बावजूद आस्था पथ के निर्माण कार्य जारी हैं। प्रदेशभर में ठंड के साथ शुष्क मौसम की स्थिति बनी हुई है। लोग अलाव और गर्म कपड़ों के सहारे ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।