India News (इंडिया न्यूज), Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड का मौसम आज शुष्क रहने वाला है। मगर ठंड एक बार फिर से लौट सकती है। इसी के साथ बुधवार से प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है। IMD के अनुसार, इस बार होली पर बारिश की संभावना जताई है। 12 और 13 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बर्फबारी की संभावना है। इन जिलों में 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
IMD ने 14 मार्च से 16 मार्च तक प्रदेश के इन जिलों में 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसी के साथ 13 और 14 मार्च को पहाड़ी जिलों में एक बार फिर से मौसम खराब हो सकता है। हालांकि पहाड़ी जिलों में मौसम में बदलाव का मैदानी इलाकों के तापमान पर कोई असर देकने को नहीं मिलेगा। जारी पूर्वानुमान के अनुसार 13 और 14 मार्च को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। आज पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है।
IMD की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से हल्की बारिश की संभावना है। सोमवार को पहाड़ी जिलों में आसमान में बादल देखने को मिले, लेकिन मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। देहरादून का अधिकतम तापमान 3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 29 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री की कमी के साथ 19 डिग्री दर्ज किया गया।
बर्फबारी से लोग परेशान
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बद्रीनाथ में 3 से 4 फीट बर्फ जमी हुई है। धाम में भारी बर्फबारी के कारण प्रतीक्षालय का करीब 200 मीटर टिन शेड क्षतिग्रस्त हो गया है। कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। भारी बर्फबारी के कारण प्रशासन की टीम अभी तक धाम नहीं पहुंच पाई है, जिससे यात्रा की तैयारियों में भी देरी हो रही है। प्रशासन बर्फ पिघलने का इंतजार कर रहे हैं। बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खुलने हैं। यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन की टीम फरवरी में बद्रीनाथ नहीं जा सकी थी। इसके बाद भी धाम में हल्की बर्फबारी जारी रही।