India News (इंडिया न्यूज), Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में फरवरी के पहले पखवाड़े में मौसम ने अचानक करवट ली है। पहाड़ों में जहां हल्के बादल छाए हुए हैं, वहीं मैदानी इलाकों में चटख धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है। देहरादून में तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है, जो पिछले पांच वर्षों में फरवरी के पहले पखवाड़े का सबसे अधिक तापमान है।
बादल और हल्की बारिश
मैदानी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के समय तेज धूप के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। रविवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय धूप में बैठना असहनीय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि निचले इलाकों में इसका खास असर नहीं होगा।
जंगलों में आग का खतरा बढ़ा
बढ़ती गर्मी के कारण उत्तराखंड के जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। रविवार को उरगम घाटी के भेंटा भरकी के जंगल में आग लग गई। वन विभाग और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रुद्रप्रयाग के भैंस गांव के जंगल में भी आग लगने से स्थानीय लोग घबरा गए। वनकर्मियों और ग्रामीणों की सतर्कता से आग को फैलने से रोका गया।
तीन दिनों में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। तापमान में वृद्धि का कारण पश्चिमी विक्षोभ की कमजोरी को बताया गया है।
मौसम में अचानक बदलाव ने बढ़ाई मुश्किलें, MP में जारी हुआ शीतलहर का अलर्ट