India News (इंडिया न्यूज), Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर बारिश हो रही थी, जिसके बाद बुधवार सुबह बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सिर्फ एक घंटे में क्षेत्र में करीब 2 इंच बर्फ जमा हो गई है। बर्फबारी की वजह से यातायात प्रभावित हो सकता है और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है।
तापमान में गिरावट
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी लगातार जारी है। कुमाऊं क्षेत्र के पिथौरागढ़ जिले के थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग और नया बस्ती समेत ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है, तो वहीं बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में गिरावट के बाद बर्फबारी शुरू हो गई। मुनस्यारी में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर बारिश होने की वजह से बुधवार सुबह बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
माणा में टूटा कूदरत का कहर
बता दें कि बारिश और बर्फबारी के चलते बद्रीनाथ से 4 किलोमीटर दूर माणा गांव के पास अचानक ग्लेशियर टूटने की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस हादसे में 57 मजदूर दब गए। मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, जिसकी वजह से 16 मजदूरों को बचा लिया गया है। देहरादून और आसपास के इलाकों में बारिश अब भी जारी है।
पिथौरागढ़ में भूस्खलन
खबरों की माने तो पिथौरागढ़ जिले में धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग दोबाट में भूस्खलन की वजह से बंद हो गया है। लगातार हो रहे भूस्खलन की वजह से सड़क पर मलबा जमा हुआ है, जिसकी वजह से यातायात पूरी तरह से बंद हो गया है और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रागुती नाला से तवाघाट तक कई जगहों पर भूस्खलन की वजह से यह मार्ग कल रात से बंद है। बारिश और बर्फबारी की वजह से कई वाहन फंस गए हैं। IMD ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 2 दिनों तक बर्फबारी जारी रहने वाली है।
IMD ने जारी किया अलर्ट
IMD की रिपोर्ट के अनुसार, अगले 48 घंटे तक उत्तराखंड के उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी जारी रहने वाली है। निचले इलाकों में हल्की बारिश जारी रहेगी। बढ़ती ठंड की वजह से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा उपाय करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।