India News (इंडिया न्यूज), Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में इस बार फरवरी के महीने में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। चटक धूप और शुष्क मौसम के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के कारण इस बार शीतकाल में बारिश बहुत कम हुई, जिससे फरवरी में ही गर्मी का अहसास होने लगा है। सुबह और शाम की ठंड भी अब धीरे-धीरे कम हो रही है।

देहरादून का बढ़ता तापमान

पिछले कुछ दिनों से देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में चटख धूप निकल रही है। मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। यही नहीं, पिछले तीन दिनों से यहां का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

Today Horoscope: मेष से लेकर मीन तक कैसी रहेगी 12 राशियों के लिए 12 फरवरी को ग्रहों की चाल, जानें आज का राशिफल!

बारिश न होने से बढ़ी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार जनवरी से फरवरी तक प्रदेश में 90% कम बारिश हुई है। इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर होना बताया जा रहा है। बारिश की कमी के कारण वातावरण में नमी भी घट रही है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान

कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 5.6 डिग्री रहा। उधम सिंह नगर का तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस तक रहा।

बारिश के आसार?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। दिन में तेज धूप के कारण तापमान और बढ़ सकता है। लोगों को दोपहर की धूप में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अगर मौसम इसी तरह शुष्क बना रहा, तो मार्च में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है।

ठंड से मिली राहत, MP में लगातार तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी का असर, क्या फिर लौटेगी सर्दी?