India News (इंडिया न्यूज), Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में इस साल फरवरी के महीने में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। चटक धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने की वजह से प्रदेश में इस बार बारिश बेहद कम हुई है। इसके चलते मौसम में जल्दी बदलाव आ गया और ठंड जल्दी खत्म हो गई।

देहरादून का चढ़ा पारा

देहरादून सहित कई क्षेत्रों में सुबह और शाम की ठंड अब लगभग गायब हो गई है। दिन में तेज धूप के कारण पारा सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। शुष्क मौसम के कारण अधिकतर क्षेत्रों में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।
पिछले तीन दिनों से देहरादून का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। मंगलवार को भी देहरादून का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

खुल गया महाकुंभ भगदड़ का राज? UP पुलिस प्रमुख ने किया ऐसा खुलासा, सुन दंग रह गए लोग

पर्वतीय क्षेत्रों में भी गर्मी का असर

पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री और न्यूनतम 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री और न्यूनतम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कम बारिश बना गर्मी का कारण

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जनवरी से अब तक प्रदेश में 90% कम बारिश हुई है। इसका मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर होना है। इस वजह से वातावरण में नमी की कमी हो गई है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी महसूस होगी। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और बाहर जाते समय धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।

मौसम में जल्द होगा बड़ा बदलाव, MP में दक्षिण की हवाओं ने बढ़या तापमान, जानें क्या है ताजा अपडेट