India News (इंडिया न्यूज), Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ था, जिससे दिन में हल्की गर्मी का एहसास हो रहा था। लेकिन 3 फरवरी की रात से मौसम ने करवट ली और सोमवार देर रात बारिश के बाद सर्द हवाएं चलने लगीं। मंगलवार को भी कई पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश हुई, जिससे प्रदेश में ठंड वापस लौट आई। मौसम विभाग के अनुसार, 5 फरवरी को भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है।

दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि इस बार सर्दियों के मौसम में भारतीय उपमहाद्वीप के उत्तरी हिस्से में आने वाला पश्चिमी विक्षोभ पर्वतीय इलाकों तक नहीं पहुंच पाया था। इसके कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी। लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।

iPhone लूटा! वाराणसी में व्यापारी पर हुआ जानलेवा हमला, हालत गंभीर, पुलिस कर रही मामले की जांच

सामान्य से काफी कम हुई बारिश

पिछले 24 घंटों में राज्य में औसतन 1.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि यह सामान्य से काफी कम है। मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और टिहरी जिलों में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इन जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

प्रदेश में 6 फरवरी से बदलेगा मौसम

6 फरवरी से प्रदेश में मौसम फिर शुष्क हो जाएगा और दिन में धूप खिलने की संभावना है। राजधानी देहरादून में भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन अधिकांश समय आसमान साफ रहेगा। मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बढ़ता-गिरता तापमान

पंतनगर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मुक्तेश्वर और नई टिहरी जैसे पहाड़ी इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा। मंगलवार को देहरादून का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 86 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। मौसम विभाग की सलाह है कि बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतें और मौसम की जानकारी के अनुसार ही तैयारी करें।

गर्मी ने दी दस्तक! MP में ठंड का अहसास हुआ कम, जाने क्या है बदलते मौसम का हाल