India News (इंडिया न्यूज), Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड के मौसम में इस समय एक अजीब बदलाव देखने को मिल रहा है। सर्दी के मौसम में भी तापमान में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है। 4 जनवरी 2025 को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि पिछले 10 वर्षों में चौथी बार हुआ है। यह स्थिति प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में महसूस की जा रही है, जहां दिन में तेज धूप के कारण लोग असहज महसूस कर रहे हैं।

धुंध और कोहरे की चादर छाई

देहरादून में शुक्रवार की सुबह धुंध और कोहरे की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता में काफी कमी आई। लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़ा, तेज धूप ने ठंड को काफी हद तक कम कर दिया, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के लिए असामान्य है। वहीं, न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक था।

मध्य प्रदेश में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप, ठंड ने तोड़ा 58 साल पुराना रिकॉर्ड

इन क्षेत्रों में तापमान में वृद्धि

प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान में वृद्धि देखी गई। उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस था। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री और न्यूनतम 8.0 डिग्री सेल्सियस था। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस परिवर्तनशील मौसम से उत्तराखंड के लोग भी थोड़ा परेशान हैं, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में मौसम सामान्य हो जाएगा।

अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार, अगले दो दिन उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में पाला गिर सकता है। सोमवार से मौसम में बदलाव आ सकता है और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंची चोटियों पर बर्फबारी तथा निचले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोहरे की जबरदस्त मार, कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं के चलते जारी हुआ अलर्ट