पाकिस्तान हर साल करीब 4 परमाणु हथियार बना रहा है। यह खुलासा जापान के नागासाकी यूनिवर्सिटी एटॉमिक सेंटर ने किया है।
पाकिस्तान के पास 2025 में 170 परमाणु हथियार होंगे। हालांकि, यह भारत से काफी कम है। भारत के पास 180 परमाणु हथियार हैं।
नागासाकी यूनिवर्सिटी का कहना है कि दुनिया के देशों के बीच परमाणु हथियार बनाने की होड़ लगी हुई है। 2018 से 2025 तक चीन ने सबसे ज्यादा परमाणु हथियार बनाए हैं। चीन ने इस दौरान करीब 362 परमाणु हथियार बनाए हैं।
2018 में पाक के पास 140 हथियार थे नागासाकी यूनिवर्सिटी ने साल 2018 में जो रिपोर्ट जारी की थी। उस समय पाकिस्तान के पास कुल 140 परमाणु हथियार थे।
इसके बाद पाकिस्तान ने गुपचुप तरीके से 30 परमाणु हथियार तैयार कर लिए ।हालांकि, पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर इसे स्वीकार नहीं किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के पास इस समय सबसे ज्यादा 4310 परमाणु हथियार हैं।इसके बाद अमेरिका के पास 3700, चीन के पास 600, भारत के पास 180, पाकिस्तान के पास 170, इजरायल के पास 90 और उत्तर कोरिया के पास 50 परमाणु हथियार हैं।
पाकिस्तान ने परमाणु संवर्धन की कवायद 1978 में शुरू की थी। 1998 में पाकिस्तान ने पहली बार परमाणु हथियार बनाने का ऐलान किया था। पाकिस्तान ने बलूचिस्तान की गुफाओं में परमाणु हथियारों का परीक्षण किया था।
पाकिस्तान पर उत्तर कोरिया, ईरान और लीबिया जैसे देशों को परमाणु हथियार बनाने का फॉर्मूला बताने का भी आरोप लगा था। हालांकि, पाकिस्तान ने इस बारे में खुलकर कुछ नहीं कहा।